महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के विजय सलही चौराहे पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से विजय सलही चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू किया, लेकिन फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ हादसे की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक व वाहन की तलाश में जुटी है।
थाना प्रभारी मदन मिश्रा ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।









