उज्जवल रस्तोगी, मेरठ। पल्लवपुरम थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 17 मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालसाना चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उनके पास से चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने मेरठ के पल्लवपुरम और दौराला समेत मुजफ्फरनगर व सहारनपुर के अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर पल्लवपुरम क्षेत्र के एक खंडहरनुमा मकान से 15 और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मेरठ के इंचौली क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनकी उम्र करीब 18 से 20 वर्ष है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।









