वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से झड़प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बहराइच कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झड़प हो गई।

सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार और निर्वाचन व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान जैसे ही कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के पुतले में आग लगाई, पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पुतला छीनने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतले का धड़ अपने कब्जे में ले लिया, जबकि प्रदर्शनकारी उसके सिर वाले हिस्से को फूंकने में सफल रहे।

पुतला छीने जाने से आक्रोशित सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार को बर्खास्त करने और राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने ज्ञानेश कुमार को तत्काल जेल भेजने की मांग भी की।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तनातनी की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन के चलते कलेक्ट्रेट के बाहर कुछ देर तक हंगामे का माहौल बना रहा।

प्रदर्शन को लेकर सपा नेताओं ने कहा कि वोट की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा।

रिपोर्ट – अनिरुद्ध मिश्रा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]