संदिग्ध हालत में घायल चौकीदार की इलाज के दौरान मौत, जांच में जुटी पुलिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। न्यू महाल पानी टंकी के पास निर्माणाधीन फ्लैट में चौकीदारी करने वाले पुनवासी चौहान की बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार रात वह संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में मिले थे। घटना के बाद परिजनों ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

अलीनगर नई बस्ती निवासी पुनवासी चौहान रविवार शाम करीब छह बजे रोज की तरह ड्यूटी पर गए थे। रात करीब 10 से 10:15 बजे उनकी पत्नी गीता देवी के मोबाइल पर फोन आया कि पुनवासी निर्माणाधीन फ्लैट के बाहर घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां डायल 112 की पुलिस भी मौजूद थी।

परिजन उन्हें तत्काल मैटिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान पुनवासी ने दम तोड़ दिया।

पुनवासी अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। पूर्व सभासद संतोष चौहान ने घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार की मदद की मांग की है। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]