खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ महराजगंज पुलिस का बड़ा अभियान, 1351 पर कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शराब की दुकानों के आसपास, बाजारों, चौराहों और अन्य सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की गई।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान जिले में कुल 123 स्थानों पर चेकिंग की गई। इस दौरान खुले में शराब का सेवन करते पाए गए 1351 व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने की हिदायत भी दी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा शराब के नशे में हुड़दंग या आम लोगों को होने वाली परेशानी पर अंकुश लगाना है। शराब की दुकानों और उनके आसपास पुलिस की विशेष निगरानी भी रखी जा रही है।

महराजगंज पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]