मथुरा पुलिस की बड़ी सफलता: 543 गुमशुदा मोबाइल बरामद, कीमत करीब 2 करोड़ रुपये

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मथुरा। गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर मथुरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए CEIR पोर्टल की मदद से कुल 543 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

एसपी क्राइम श्वेता यादव ने इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि 12 मई 2026 से 30 सितंबर 2026 के बीच गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सर्विलांस सेल और विभिन्न थाना पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं। CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया। इस दौरान सीमावर्ती राज्यों की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 543 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।

पुलिस द्वारा बरामद किए गए 543 मोबाइल फोन में से 311 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को संबंधित थानों के माध्यम से सुपुर्द किए जा चुके हैं। वहीं, शेष 232 मोबाइल फोन के मालिकों को भी नामित अधिकारियों द्वारा सूचना देकर जल्द ही उनके मोबाइल वापस सौंपे जाएंगे।

वृंदावन थाना क्षेत्र से सबसे ज्यादा 140 मोबाइल बरामद

थानावार बरामदगी की बात करें तो वृंदावन थाना पुलिस ने सबसे अधिक 140 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा गोवर्धन से 72, पर्यटन थाना से 64, कोतवाली से 42, कोसीकलां से 39, जैत से 22 और हाईवे थाना क्षेत्र से 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल फोन की बरामदगी की गई है।

मोबाइल वापस मिलने पर खिले लोगों के चेहरे

एसपी क्राइम श्वेता यादव ने बताया कि जिन लोगों के मोबाइल फोन गुम या चोरी हो गए थे, उन्हें जब पुलिस ने उनके मोबाइल वापस सौंपे तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने मथुरा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।

मथुरा पुलिस की इस उपलब्धि से सैकड़ों लोगों को बड़ी राहत मिली है। सर्विलांस सेल और थाना पुलिस की संयुक्त मेहनत से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के मोबाइल फोन बरामद होना पुलिस की तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय का परिणाम है।

संवाददाता वेद प्रकाश सारस्वत

और पढ़ें

[the_ad id="164"]