देवरिया। जिले के लार थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। सुतावर मोड़ के पास पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भागने लगा।
पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान भीखम छपरा निवासी दीपक तिवारी पुत्र स्वर्गीय विनोद तिवारी के रूप में हुई है।
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, दीपक तिवारी थाना लार में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 291/2026 में नामजद आरोपी है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
फिरोज खान, जिला संवाददाता, देवरिया









