गांगन नदी के उफान से धामपुर-नूरपुर मार्ग पर जलभराव, सैकड़ों बीघा फसलें जलमग्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजनौर। धामपुर-नूरपुर मार्ग पर गांव ढेली के पास गांगन नदी के उफान से हालात बिगड़ गए हैं। नदी का पानी सड़क पर बहने के साथ आसपास के खेतों में भी घुस गया है। जलभराव के कारण किसानों की सैकड़ों बीघा फसलें पानी में डूब गई हैं और फसल बर्बाद होने का खतरा बना हुआ है।

बारिश के दौरान गांगन नदी का जलस्तर बढ़ने से हर साल इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या सामने आती है। नदी का पानी धामपुर-नूरपुर मार्ग पर भी कई फीट तक बहने लगता है। पानी के तेज बहाव और वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं।

सड़क पर पानी भरने और गड्ढों के चलते ई-रिक्शा, बाइक और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, जलभराव के कारण जहां किसानों को फसल नुकसान झेलना पड़ता है, वहीं राहगीरों के लिए भी यह मार्ग जोखिम भरा हो जाता है।

ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हर साल समस्या सामने आने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्रवासियों ने सड़क की मरम्मत और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

रिपोर्ट: मोहम्मद रहमान, बिजनौर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]