महराजगंज। घुघली ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरा ब्राह्मण उर्फ बारी के भरदेऊरा टोला में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियों में कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में लंबे समय से नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई है। कई स्थानों पर नालियां कूड़े-कचरे से पटी हुई हैं, जिसके चलते गंदा पानी आसपास जमा हो रहा है। इससे रास्तों पर भी गंदगी फैल रही है और ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी के चलते आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित ग्राम पंचायत से नालियों की नियमित सफाई कराने तथा जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।









