रायबरेली। गांधी जयंती के मौके पर ब्लॉक मुख्यालय में हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में राही ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी जूते पहने हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराते नजर आ रहे हैं। उनके साथ खड़े प्रशासक ब्लॉक प्रमुख नंगे पैर दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ध्वजारोहण के दौरान अपनाए जाने वाले प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। लोग वायरल तस्वीर को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि, वायरल हो रही तस्वीर की वास्तविकता और तस्वीर के पूरे संदर्भ की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि तस्वीर किस समय और किस परिस्थिति में ली गई।
मामले में संबंधित अधिकारी या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। तस्वीर की सत्यता और पूरे मामले को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









