वार्ड 14 में एक सप्ताह से जलभराव, स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फरेंदा, महराजगंज। नगर पंचायत आदर्श नगर फरेंदा के वार्ड नंबर 14 सुभाष नगर में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह मार्ग धानी मार्ग को फरेंदा से जोड़ता है। इसी रास्ते पर करीब तीन विद्यालय भी स्थित हैं। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे स्कूली बच्चों के गिरने और चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ बच्चे जलभराव के दौरान गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जलभराव की समस्या के संबंध में नगर पंचायत के अधिकारियों को फोन के माध्यम से कई बार जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। पानी लंबे समय से जमा रहने के कारण अब दुर्गंध भी आने लगी है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।

नागरिकों ने बताया कि जलभराव के कारण सड़क से पैदल गुजरना मुश्किल हो गया है। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों को भी गड्ढों के कारण दुर्घटना का डर बना रहता है।

स्थानीय नागरिक शुभम श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव, आशुतोष राणा, अरविंद कुमार मिश्रा और शरब यादव ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए समस्या का जल्द समाधान जरूरी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]