महराजगंज। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने मतदाता सूची और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसी को बचाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों के साथ पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और गरीब मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महराजगंज में भी 2024 के लोकसभा चुनाव और हाल के उपचुनावों के दौरान कई मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायत सामने आई थी। इस संबंध में पार्टी की ओर से चुनाव आयोग को प्रमाण सहित ज्ञापन दिए जाने की बात कही गई।
उन्होंने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान गरीब और ऐसे लोगों को परेशानी हो सकती है, जिनके पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। सपा ने इसे लेकर सतर्क रहने की बात कही।
प्रेस वार्ता में आगामी राज्यसभा चुनाव का भी मुद्दा उठाया गया। जिलाध्यक्ष ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।
सपा ने मांग की कि महराजगंज की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का बूथवार सत्यापन कराया जाए और जिन मतदाताओं के नाम कट गए हैं, उन्हें नियमानुसार तत्काल जोड़ा जाए। साथ ही मतदान प्रक्रिया में CCTV और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
विद्यासागर यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 15 अक्टूबर तक हर बूथ पर ‘वोट बचाओ चौपाल’ लगाएंगे और लोगों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करेंगे। इस दौरान गौरी शंकर गुप्ता, पवन पटेल, विजय यादव, कैलाश प्रजापति, विजय जायसवाल, अमरनाथ यादव, संजय यादव, राजकुमार, बबलू भारती, दिलीप शुक्ला, रामकृपाल चौरसिया, अमरजीत साहनी सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।









