ताला खुला देखकर भाई को हुआ शक, अंदर पहुंचने पर बिखरा मिला सामान;
कुशीनगर । खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सोहरौना में इंजीनियर के बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने देर रात चोरी की घटना को अंजाम दिया। मकान में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी और लगभग 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। सुबह मकान का ताला खुला मिलने के बाद घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि मकान मालिक अजीत जायसवाल सिविल इंजीनियर हैं और वर्तमान में परिवार के साथ विशाखापट्टनम में रहते हैं। उनका परिवार संयुक्त परिवार है। अजीत जायसवाल के छोटे भाई रवि प्रकाश जायसवाल का मकान चोरी वाले घर के ठीक बगल में है और वह रोजाना अपने भाई के घर की देखभाल करते हैं।
रवि प्रकाश जायसवाल के अनुसार, शुक्रवार की सुबह वह अपने भाई के घर के सामने से गुजर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। पहले उन्हें लगा कि उनकी माता जी रोजाना की तरह घर की सफाई करने के लिए आई होंगी। हालांकि, जब उन्होंने अपनी मां से घर जाने के बारे में पूछा तो उन्होंने साफ बताया कि वह मकान में नहीं गई थीं।

मां के घर नहीं जाने की बात सुनकर रवि प्रकाश को संदेह हुआ। वह तत्काल मकान के अंदर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर वह सहम गए। घर के पहले कमरे में रखा पलंग पूरी तरह अस्त-व्यस्त था। कमरे में रखा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने मकान की दूसरी मंजिल पर जाकर देखा तो वहां रखी अलमारी का ताला कटा हुआ था। अलमारी के अंदर रखा सामान भी बिखरा पड़ा था और कीमती सामान गायब था।
रवि प्रकाश के मुताबिक, चोरों ने घर में रखे बैगों को भी काटकर और फाड़कर उनकी तलाशी ली। इससे आशंका है कि चोरों ने काफी देर तक घर के अलग-अलग कमरों में सामान खंगाला और कीमती वस्तुओं की तलाश की।
रवि प्रकाश ने बताया कि मकान में करीब एक लाख रुपये नकद रखे थे, जिन्हें चोर ले गए। इसके अलावा घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के करीब 10 लाख रुपये कीमत के आभूषण भी चोरी होने की बात बताई गई है। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और पूरी सूची पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घर की तलाशी ली। घटनास्थल से दाढ़ी बनाने वाला रेजर और एक छोटा हथौड़ा भी मिला है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने अलमारी का ताला काटने के लिए हथौड़े समेत अन्य औजारों का इस्तेमाल किया होगा। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान को जांच के लिए कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मकान लंबे समय से परिवार के लोगों की निगरानी में था और मकान मालिक परिवार सहित बाहर रहते हैं। ऐसे में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटना के दौरान इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। चोरी की घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है।
रवि प्रकाश ने पुलिस को घटना की जानकारी देकर चोरी गए नकदी और जेवरात की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। चोरी की घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
अलमारी का ताला काटकर लाखों के जेवरात और नकदी ले गए चोर









