महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम चैनपुर टोला भूड़कुड़वा में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान लक्ष्मी पत्नी विनोद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी की शादी करीब छह माह पहले ही हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, विवाहिता की मौत की खबर फैलते ही गांव में भी शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा, नायब तहसीलदार सुदेव पटेल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली और परिजनों से भी पूछताछ की।
विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों ने घरेलू प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस संबंध में कोल्हुई थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









