पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। खास बात ये रही कि नामांकन के दौरान जेडीयू विधायक अनंत सिंह उनके साथ मौजूद रहे। अनंत सिंह की करीब 80 लाख रुपये की खुली जीप में सवार होकर अनुज सिंह नामांकन के लिए निकले। इस दौरान समर्थकों ने नीतीश कुमार, निशांत कुमार और ललन सिंह के समर्थन में नारे लगाए। वहीं, अनुज सिंह को जन सुराज का टिकट देने वाले प्रशांत किशोर नामांकन में नजर नहीं आए।
पटना स्नातक सीट पर मुकाबला अब सिर्फ चुनावी मैदान तक सीमित नहीं दिख रहा है, बल्कि इसका असर जेडीयू के अंदर भी दिखाई दे रहा है।
जन सुराज ने जेडीयू विधायक अनंत सिंह के समर्थन वाले अनुज सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। गुरुवार को अनुज सिंह ने नामांकन दाखिल किया और इस दौरान अनंत सिंह उनके साथ मौजूद रहे।
नामांकन के लिए अनुज सिंह अनंत सिंह की खुली जीप में सवार होकर निकले। समर्थकों की भारी भीड़ के बीच जमकर नारेबाजी हुई। खास बात ये रही कि इस दौरान नीतीश कुमार, निशांत कुमार और ललन सिंह के समर्थन में भी नारे लगाए गए।
हालांकि, अनुज सिंह को टिकट देने वाले प्रशांत किशोर नामांकन के दौरान मौजूद नहीं रहे।
अनंत सिंह “जनता मालिक है… मेरा कैंडिडेट जीतेगा।”
अनंत सिंह से जब जेडीयू नेतृत्व और नीरज कुमार के साथ होने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि जनता मालिक है और उन्हें अपने प्रत्याशी की जीत का भरोसा है। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि वह आज तक चुनाव नहीं हारे हैं और इस बार एमएलसी चुनाव के लिए पूरी तैयारी है।
अनुज सिंह के नामांकन के मौके पर उनके घर पर करीब 50 हजार रसगुल्ले तैयार कराए जाने की भी चर्चा है। वहीं, उनका सीधा मुकाबला जेडीयू के मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार से है।
अनंत त सिंह के अनुज सिंह के समर्थन के बाद यह मामला जेडीयू नेतृत्व तक भी पहुंच चुका है। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। इसके बाद भी अनंत सिंह अपने फैसले पर कायम हैं।
गुरुवार को जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद जब पत्रकारों ने उनसे अनंत सिंह द्वारा अनुज सिंह के समर्थन को लेकर सवाल पूछा, तो संजय झा बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए।
पटना स्नातक सीट पर अनुज सिंह के नामांकन के साथ ही मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। एक तरफ जेडीयू के मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार हैं, तो दूसरी तरफ जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को जेडीयू विधायक अनंत सिंह का खुला समर्थन मिल रहा है। अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में अनंत सिंह का यह समर्थन कितना असर डालता है।
रिपोर्ट : रमण कुमार, पटना









