महराजगंज। विकास भवन सभागार में गुरुवार को भारतीय स्टेट बैंक की ओर से विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं प्राथमिकता क्षेत्र ऋण के अंतर्गत लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह, आईएएस ने लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
भारतीय स्टेट बैंक की ओर से सितंबर 2026 में जनपद के कुल 2,094 लाभार्थियों को 4,307.86 लाख रुपये यानी करीब 43.08 करोड़ रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र देकर उन्हें योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही वित्तीय सहायता की जानकारी दी गई।
योजनावार आंकड़ों के अनुसार एग्री गोल्ड लोन के 603 लाभार्थियों को 1,597 लाख रुपये, एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के चार लाभार्थियों को 70 लाख रुपये तथा सीएम युवा योजना (CM YUVA) के 46 लाभार्थियों को 115.72 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। वहीं शिक्षा ऋण के 13 लाभार्थियों को 105 लाख रुपये और केसीसी के 959 लाभार्थियों को 1,184 लाख रुपये की ऋण राशि स्वीकृत हुई।
इसी प्रकार एमएसएमई के 42 लाभार्थियों को 605 लाख रुपये, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के 24 लाभार्थियों को 109.35 लाख रुपये, पीएम स्वनिधि के 169 लाभार्थियों को 31.69 लाख रुपये तथा अन्य ऋण योजनाओं के 212 लाभार्थियों को 380 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह ने एसबीआई द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही वित्तीय सहायता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऋण सुविधा से कृषि, स्वरोजगार, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम समेत प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बैंक अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञान प्रकाश, सीएम क्रेडिट राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक श्रीमती दिव्या गौड़, मुख्य प्रबंधक एएमसीसी सौरव द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन लीड बैंक मैनेजर भूपेंद्र मिश्र ने किया। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।









