देवरिया। भटनी बाईपास पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज में ढलाई के दौरान अचानक सटरिंग भरभराकर नीचे गिर गई। सटरिंग के साथ भारी निर्माण सामग्री और मलबा भी नीचे आ गिरा। तेज आवाज के साथ हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि जिस समय सटरिंग गिरी, उसके नीचे कोई मजदूर या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन पुल के एक हिस्से में ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सटरिंग और उसके सपोर्ट सिस्टम में अचानक खराबी आई और पूरा हिस्सा नीचे गिर गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया।
हादसे ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे सटरिंग सिस्टम की मजबूती और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर भटनी के चखनी घाट में निर्माणाधीन पुल को लेकर पहले तकनीकी खामी सामने आने के बाद अब बाईपास ओवरब्रिज की घटना ने निर्माण कार्य की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
मामले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि परियोजना अभी निर्माणाधीन है और फिलहाल किसी के मौके पर आने की स्थिति नहीं थी। घटना को लेकर सेतु निगम से रिपोर्ट और पूरा स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: फिरोज खान | देवरिया









