कच्ची शराब के खिलाफ महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 64 ठिकानों पर छापेमारी; 17 क्विंटल लहन और 770 लीटर शराब नष्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिले में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए 64 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 17 क्विंटल लहन बरामद हुआ। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण भी मिले। पुलिस टीमों ने मौके पर ही लहन और शराब बनाने के उपकरणों को नष्ट कर दिया, ताकि वहां दोबारा अवैध शराब का निर्माण न किया जा सके।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 770 लीटर अवैध कच्ची शराब को भी नष्ट किया। अभियान के दौरान अवैध शराब के कारोबार में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची शराब, 24 अदद बन्टी-बबली (देशी शराब) और एक नाव बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा है कि अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]