महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बेलवा बुजुर्ग सिवान में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किसान सुग्रीव प्रसाद के खेत में लगाए गए जाल में करीब 10 से 12 फीट लंबा विशाल अजगर फंस गया। अजगर को जाल में फंसा देख आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान और पुलिस को दी।
ग्राम प्रधान ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अजगर के रेस्क्यू के लिए वन विभाग के अधिकारियों और हेल्पलाइन पर कई बार फोन किया गया, लेकिन कोई सहायता नहीं मिल सकी। ग्राम प्रधान के अनुसार, रेंजर को 11 बार, फॉरेस्टर को सात बार तथा वन विभाग की हेल्पलाइन नंबर 1926 पर नौ बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया।
मामले की जानकारी मिलने पर सिसवा मुंशी चौकी प्रभारी रूपेश कुमार पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ कांस्टेबल सुशांत राय और कांस्टेबल राकेश राव भी मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए अजगर को जाल से निकालने का प्रयास शुरू किया।
इस दौरान ग्राम प्रधान के साथ किसान सुग्रीव प्रसाद, अमरजीत कंवलवंशी, बीरबहादुर, मोहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से अजगर को जाल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा फोन नहीं उठाए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।









