स्कूलों में मिली अव्यवस्था तो ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने लगाई फटकार
कसया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक ने सोमवार को नगर क्षेत्र के कई प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-शिक्षक उपस्थिति, शिक्षण कार्य, एमडीएम, शौचालय, साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था की पड़ताल की। कमियां मिलने पर संबंधित शिक्षकों और अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या कसया का निरीक्षण किया। परिसर में जलभराव मिलने पर उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर शिक्षण व्यवस्था की भी जानकारी ली।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय मथौली पहुंचे। यहां 68 छात्रों के नामांकन के सापेक्ष 61 छात्र उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान शिक्षामित्र मनोज कन्नौजिया अनुपस्थित पाए गए। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उनका एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय भलुही मदारी पट्टी में 102 के सापेक्ष 43 छात्र उपस्थित मिले। उन्होंने एमडीएम की गुणवत्ता, शिक्षण कार्य और साफ-सफाई की स्थिति देखी। परिसर की स्वच्छता बेहतर रखने के निर्देश दिए। उच्च प्राथमिक विद्यालय भलुही में भी छात्र-शिक्षक उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मौजूद बीईओ अशोक यादव को सभी विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, साफ-सफाई, एमडीएम और जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।









