वृंदावन। नगर के परिक्रमा मार्ग स्थित ललित कुंज आश्रम में साधु-संतों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विख्यात संत प्रेमानंद महाराज के एक दीक्षित साधक की बीते शुक्रवार हुई मौत को लेकर चर्चा की गई। संत समाज ने घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग शासन-प्रशासन से की।
बैठक की अध्यक्षता हरिदासीय संप्रदाय के आचार्य महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देव जू महाराज ने की। बैठक में महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज समेत अन्य संतों ने साधक की मौत की परिस्थितियों और कथित आत्महत्या के कारणों की जांच कराने की मांग उठाई। संतों का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, महंत गंगा दास महाराज ने वृंदावन के खादर क्षेत्र को लेकर भी सवाल उठाए और प्रशासन से पूरे मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संतों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले की जांच की मांग करेगा।
महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देव जू महाराज ने वृंदावन में रह रहे साधु-संतों की पहचान और पृष्ठभूमि के सत्यापन की मांग भी प्रशासन से की। संतों ने कहा कि साधक की मौत के मामले में जल्दबाजी के बजाय सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें।
बैठक में बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद रहे। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
संवाददाता: वेद प्रकाश सारस्वत









