राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज के मामा कॉलोनी दाउदनगर के लोगों में नाराजगी, बोले- न पार्षद पहुंच रहे, न विधायक और न ही नगर निगम अधिकारी
लखनऊ| राजधानी लखनऊ के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में आने वाली मामा कॉलोनी, दाउदनगर में जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। स्थानीय लोगों का कहना है
कि पिछले करीब 15 दिनों से कॉलोनी की सड़कों पर पानी भरा हुआ है, जिसके चलते लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
लोगों के मुताबिक जलभराव के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है, वहीं स्थानीय लोगों को अपने कामकाज के लिए घर से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद न तो क्षेत्रीय पार्षद मौके पर पहुंच रहे हैं, न ही विधायक डॉ. नीरज बोरा और न ही नगर निगम जोन-3 के जिम्मेदार अधिकारी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
लोगों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचते हैं, लेकिन समस्या के समय क्षेत्र की सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने और पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि करीब 15 दिनों से जलभराव की समस्या झेल रहे मामा कॉलोनी के लोगों को राहत कब मिलती है।
लोकेशन- लखनऊ
रिपोर्ट-दीपक सिंह गौर









