बकरियां चराने गए दलित युवक पर लाठी-डंडे से हमला, पसली में फ्रैक्चर का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के नगला गुरुबक्स निवासी घनश्याम सिंह पुत्र शिवलाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पास के एक गांव के एक व्यक्ति पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घनश्याम सिंह अनुसूचित जाति से हैं और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि 25 सितंबर 2026 को करीब दो बजे वह अपनी बकरियों को गांव से थोड़ी दूरी पर चरा रहे थे। इसी दौरान पीछे से सरमन पुत्र भजनलाल निवासी ग्वालटोली, थाना कोतवाली ने डंडे से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में घनश्याम के गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए।

पीड़ित के अनुसार आसपास मौजूद लोगों ने उसे आरोपी से बचाया। जब घनश्याम के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी अपने गांव की ओर भाग गया। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया, लेकिन आरोप है कि मामले में सुनवाई नहीं हुई और न ही पुलिस की ओर से उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

परिजनों ने घनश्याम का निजी अस्पताल में इलाज कराया और एक्सरे कराया।

शिकायती पत्र में दावा किया गया है कि एक्सरे में उसकी एक पसली में फ्रैक्चर बताया गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने घनश्याम के अंडकोष में भी लात मार दी, जिससे वहां चोट और सूजन आ गई।
पीड़ित ने एसपी से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सरमन पुत्र भजनलाल के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]