कच्चा मकान गिरने से 59 वर्षीय महिला की दबकर मौत, पति बाल-बाल बचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के जिगिनिहा गांव में रविवार सुबह कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मकान के मलबे में दबकर 59 वर्षीय कुसुमी देवी की मौत हो गई। हादसे के समय उनके पति भी मकान में सो रहे थे, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।

परिजनों के अनुसार, कुसुमी देवी अपने पति के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। रविवार सुबह अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में कुसुमी देवी दब गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर महिला को बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

बताया गया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। मृतका के दो बेटे थे, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा अपने ससुराल में रहता है। मृतका की दो बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार के मुताबिक, कुसुमी देवी के पति का करीब चार महीने पहले सड़क हादसा हुआ था, जिसमें उनका पैर टूट गया था। वह अभी पूरी तरह स्वस्थ भी नहीं हो पाए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे में महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]