कुशीनगर में कक्षा आठ तक के सभी स्कूल 26 सितंबर को रहेंगे बंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। जिले में लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में 26 सितंबर को अवकाश घोषित कर दिया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुशीनगर की ओर से 25 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश में यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश जिलाधिकारी कुशीनगर की अनुमति के अनुपालन में जारी किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक, मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान तथा जनपद में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर को विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

अवकाश का आदेश जिले में संचालित परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा आठ तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए 26 सितंबर को अवकाश रहेगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी आदेश की प्रति जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा निदेशक (बेसिक), संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल गोरखपुर समेत संबंधित अधिकारियों को भेजी है।

साथ ही सभी प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बारिश के बीच विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों को भी राहत मिली है। अब 26 सितंबर को कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों की विद्यालय में पढ़ाई नहीं होगी।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]