कुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे सूर्यकिरण के नौ विमान, मोतिहारी में होगा एयर शो

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर से शुक्रवार को भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के नौ हॉक एमके-132 विमान उड़ान भरकर मोतिहारी पहुंचेंगे। वहां करीब एक घंटे तक हवाई करतबों का प्रदर्शन करने के बाद सभी विमान वापस कुशीनगर एयरपोर्ट लौटेंगे। करीब 600 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ते नौ विमानों की सटीक फॉर्मेशन और आसमान में तिरंगे के रंगों का प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

एयर शो को लेकर बृहस्पतिवार को कुशीनगर एयरपोर्ट की एटीसी बिल्डिंग में ग्रुप कैप्टन तेजेश्वर सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौसम सामान्य रहने पर निर्धारित समय के अनुसार प्रदर्शन करने के लिए कुशीनगर एयरपोर्ट से शुक्रवार को लगभग 10 बजे विमान उड़ान भरेगा।

सूर्यकिरण टीम में कुल 11 विमान हैं, लेकिन एयर शो के लिए नौ विमान ही उड़ान भरते हैं। पूरे अभियान में करीब 25 सदस्यीय टीम शामिल है।
उन्होंने बताया कि सूर्यकिरण टीम देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन के लिए नजदीकी एयरपोर्ट का चयन करती है। इसी क्रम में कुशीनगर से उड़ान भरकर विमान मोतिहारी जाएंगे और करीब एक घंटे के प्रदर्शन के बाद वापस कुशीनगर लौटेंगे।

सूर्यकिरण टीम के नौ हॉक एमके-132 विमान बेहद सटीक फॉर्मेशन में एक साथ उड़ान भरते हैं। जटिल करतबों के दौरान कई बार विमानों के बीच की दूरी पांच मीटर से भी कम रह जाती है। लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैन्युवर जैसे करतबों में पायलटों के बीच सटीक तालमेल और अनुशासन देखने को मिलेगा।

एयर शो के दौरान विमानों से केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुआं-धाराएं निकलेंगी, जिससे आसमान में तिरंगे का स्वरूप नजर आएगा। इसके लिए हॉक एमके-132 विमानों में स्वदेशी तकनीक से विकसित रंगीन स्मोक पॉड लगाए गए हैं। इस प्रणाली को भारतीय वायु सेना के बेस रिपेयर डिपो, नासिक ने विकसित किया है।

एयर शो के जरिये युवाओं और आम नागरिकों को भारतीय वायु सेना के प्रशिक्षण, अनुशासन और पेशेवर दक्षता को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। वायु सेना और सशस्त्र बलों में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी यह प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहेगा।
उपस्थिति: टीम का नेतृत्व एसयू-30 एमकेआई पायलट ग्रुप कैप्टन तेजेश्वर सिंह कर रहे हैं। इस दौरान विंग कमांडर एसके शेरोन, स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, फ्लाइट लेफ्टिनेंट मनिल के. शर्मा, स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल और स्क्वाड्रन लीडर एडवर्ड प्रिंस मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]