कुशीनगर। नवागत जिलाधिकारी संजय चौहान ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के साथ विभागवार प्रगति की जानकारी ली और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विश्वविद्यालय के निर्माण एवं भौतिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने छात्र-छात्राओं के प्रवेश और शैक्षणिक संचालन से संबंधित तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तथा जिले में उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही वेयरहाउसों की स्थिति की जानकारी लेकर खाद्यान्न और कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त स्टॉक क्षमता बनाए रखने को कहा।
*विद्यालयों में स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण एमडीएम पर जोर*
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने को कहा। निर्माण, मरम्मत अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को अद्यतन शासनादेशों के अनुसार विकास एवं पंचायत संबंधी कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।
*गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने के निर्देश*
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गोवंश संरक्षण, जियो-ट्रैकिंग और पंजीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पशुओं की संख्या के अनुरूप गौशालाओं की क्षमता बढ़ाई जाए और उन्हें चारागाहों से जोड़ा जाए। निराश्रित एवं बेसहारा पशुओं के संरक्षण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
*अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश*
जिला आबकारी अधिकारी को निर्धारित राजस्व लक्ष्य हासिल करने तथा बॉर्डर एरिया में परिवर्तन संबंधी कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध और कच्ची शराब की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।
*पीएचसी-सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने पर जोर*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी पीएचसी और सीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक मरीजों को जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग की समीक्षा में अधिशासी अभियंता को निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत बिलों के भुगतान एवं निस्तारण की कार्रवाई समय से कराने तथा खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए।
*धान खरीद और भंडारण की तैयारियां समय से पूरी करने को कहा*
डिप्टी आरएमओ को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद सुनिश्चित करने तथा धान के सुरक्षित भंडारण के लिए वेयरहाउसों को समय से तैयार रखने को कहा गया। अतिरिक्त वेयरहाउस की आवश्यकता होने पर शासन को तत्काल प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी को अवशेष अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने और तैयार अन्नपूर्णा भवनों का तत्काल संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। बजट की आवश्यकता वाले मामलों में शासन को मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।
*चकबंदी और जल जीवन मिशन की भी हुई समीक्षा*
चकबंदी अधिकारी को धारा 24, 25 एवं कब्जा परिवर्तन से संबंधित मामलों की समीक्षा कर अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत हैंडओवर की कार्रवाई पूरी कराने तथा आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। उप निदेशक मत्स्य को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार मत्स्य पालन के लिए पट्टों का आवंटन तथा पंजीकृत मत्स्य पालकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
*स्वयं सहायता समूहों को रोजगार से जोड़ने पर जोर*
डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम को नए स्वयं सहायता समूहों के गठन की कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रेरणा कैंटीनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने प्लास्टिक वेस्ट से फर्नीचर एवं अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। इसके लिए इच्छुक लोगों का चयन कर प्रशिक्षण दिलाने और बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को कहा। लीड बैंक मैनेजर को विभागों, वेंडरों और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कराने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, युवा उद्यमियों और नवगठित समूहों को बैंकिंग सुविधाएं एवं ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी समन्वय पर जोर दिया गया।
बैठक में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, पीएडी, खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग, ग्रामोद्योग, भूमि संरक्षण, गन्ना विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से भी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। अंत में जिलाधिकारी संजय चौहान ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाए। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ विभागीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
साजिद अंसारी पड़रौना









