फतेहपुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो सड़क और पुलिया की बदहाल व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा में टूटी हुई पुलिया पर सवारी से भरा एक ई-रिक्शा अचानक पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि ई-रिक्शा में बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में चालक और सवारियां बाल-बाल बच गईं।पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि टूटी हुई पुलिया से गुजरते समय ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ता है और वह पलट जाता है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पुलिया लंबे समय से बदहाल है और यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों का दावा है कि पहले भी कई लोग हादसों में घायल हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।सवाल यह है कि आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है?
अगर पुलिया पहले से जर्जर है और लगातार हादसे हो रहे हैं, तो इसकी मरम्मत या सुरक्षा का इंतजाम कब होंगे,एक तरफ गड्ढामुक्त सड़क और बेहतर यातायात व्यवस्था के दावे किए जाते हैं, तो दूसरी तरफ हसवा की यह तस्वीर उन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है।अब देखना होगा कि वायरल सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद जिम्मेदार विभाग इस टूटी पुलिया की सुध लेता है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाता है।









