महराजगंज। विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल (गोरक्ष प्रांत) द्वारा भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में आयोजित की जा रही चार दिवसीय ‘शौर्य जागरण यात्रा’ को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना-पत्र सौंपा गया। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी को पत्र देकर यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं सीमा चौकियों के बीच समन्वय सुनिश्चित कराने की मांग की।
पत्र के अनुसार यात्रा 25 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक पडरौना (कुशीनगर), महराजगंज, नौतनवा और सिद्धार्थनगर के भारत-नेपाल सीमावर्ती कस्बों, चौकियों एवं प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। संगठन ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा, अखंडता एवं जनजागरण से संबंधित संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
पत्र में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की संवेदनशीलता और यात्रा में संभावित जनसहभागिता को देखते हुए संबंधित सीमा चौकियों को सतर्कता एवं सुरक्षा समन्वय के लिए आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया। विशेष रूप से ठूठीबारी, सोनौली, ककरहवा, अलीगढ़वा, सुनवा और बढ़नी क्षेत्र की सीमा चौकियों पर समन्वय की मांग की गई है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह, उपाध्यक्ष आदित्य उपाध्याय, सहसंयोजक हरिशंकर कुशवाहा, जिला मीडिया प्रभारी अवनीश पटेल, जिला कोषाध्यक्ष प्रेमचंद, कार्यकर्ता रवि कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









