कसया। थाना क्षेत्र के झुंगवा कट के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार अल्टो कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड बुद्धनगरी (सुखारी छपरा) निवासी दयानंद उर्फ पप्पू पाठक (55) ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार शाम वह हेतिमपुर की ओर से ई-रिक्शा लेकर घर लौट रहे थे। झुंगवा कट के पास एनएच-28 पर पहुंचते ही तेज रफ्तार अल्टो कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि दयानंद परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।
कसया थाने के प्रभारी रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









