पांच दिन बाद खत्म हुआ फल-सब्जी कारोबारियों का धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। मुगलसराय सब्जी मंडी में फल-सब्जी व्यवसायी (विक्रेता) वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले पिछले पांच दिनों से चल रहा धरना मंगलवार रात एसडीएम राजेश कुमार वर्मा के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। प्रशासन और व्यापारियों के बीच हुई वार्ता में थोक मंडी, वेंडिंग जोन और नो-एंट्री व्यवस्था में राहत समेत तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। आंदोलन समाप्त होने के बाद व्यापारियों ने बुधवार से फल-सब्जी का कारोबार और आपूर्ति सामान्य रूप से शुरू करने की बात कही।

वार्ता के दौरान एसडीएम ने बताया कि नवीन थोक मंडी के लिए जिला प्रशासन की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद मंडी विकसित कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, शहर में वेंडिंग जोन के लिए सरकारी जमीनों को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई। चिह्नित स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित कर छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराई जाएगी।

नो-एंट्री को लेकर एसडीएम ने कहा कि बड़ी मालवाहक गाड़ियों के प्रवेश से यातायात प्रभावित होता है। हालांकि पिकअप जैसी छोटी मालवाहक गाड़ियों को सामान लाने और उतारने की अनुमति रहेगी। सामान उतारने के बाद वाहनों को तत्काल सड़क से हटाना होगा।

चकिया तिराहे पर लगने वाली सब्जी मंडी को लेकर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने सड़क पर दुकान या वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करने की अपील की। एसोसिएशन अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने बताया कि तीनों प्रमुख मांगों पर मिले आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि करीब एक सप्ताह के अंदर थोक मंडी की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

धरना समाप्त होने पर व्यापारियों ने सहयोग करने वाले मीडिया कर्मियों, व्यापार मंडल, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और नगर की जनता का आभार जताया। इस दौरान उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद सोनकर, महामंत्री बृजमोहन प्रसाद सोनकर, मंत्री बिल्लू सरदार, मीडिया प्रभारी मनोज जायसवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]