शादी के 24 घंटे के भीतर नवविवाहित दंपती के शव फंदे से लटके मिले

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव में शादी के 24 घंटे के भीतर नवविवाहित दंपती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शवों को कब्जे में लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि देशराज चौहान और अनीता चौहान की शादी सोमवार, 21 सितंबर को बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी। शादी के बाद दोनों अपने घर पहुंचे थे। मंगलवार को दोनों के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

अनीता का मायका जोगिया कोतवाली क्षेत्र के कड़जहवा गांव में बताया जा रहा है। नवविवाहित दंपती की मौत की सूचना मिलते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, दंपती ने यह कदम क्यों उठाया या घटना के पीछे क्या कारण रहा, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

सूचना मिलने पर बांसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सिद्वार्थनगर ,उत्तर प्रदेश
रिपोर्टर -प्रदीप शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]