महराजगंज। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत महराजगंज पुलिस द्वारा लगातार शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को थाना स्थानीय की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने वंदे भारती पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बालिकाओं और छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित विभिन्न अपराधों, छेड़छाड़, साइबर अपराध तथा आपात परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षित स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना दें।
पुलिस टीम ने छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में भी बताया। 1090 महिला पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102/108 स्वास्थ्य सेवा तथा साइबर अपराध या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।
इसके साथ ही बालिकाओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचने के लिए भी समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूह और महिला समृद्धि योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया।
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सहायता लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।









