कन्या जन्मोत्सव में 11 नवजात बेटियों का हुआ स्वागत, माताओं को भी किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। शासन की मंशा और जिलाधिकारी व जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 11 नवजात कन्याओं के जन्म पर केक काटकर खुशी मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने की।

इस अवसर पर नवजात कन्याओं की माताओं को अंगवस्त्र तथा सभी 11 लाभार्थियों को बेबी किट, मिष्ठान और टेडी बियर देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशंकर नायक और डिस्ट्रिक्ट मिशन को-ऑर्डिनेटर नलिन सिंह मौजूद रहे। डिस्ट्रिक्ट मिशन को-ऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का पात्र लोगों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जेंडर स्पेशलिस्ट बंदना कुशवाहा ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090 सहित 112, 108 और 102 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

इस दौरान अमन मिश्रा ने योजनाओं से संबंधित पंपलेट वितरित किए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रशांत शर्मा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता विनोद यादव, अनुराग मिश्रा, अनुज, वरिष्ठ सहायक राजकिशोर, अनीता कुशवाहा, स्टाफ नर्स किरन राव समेत आशा कार्यकत्रियां और लाभार्थियों के परिजन मौजूद रहे।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]