दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की मौत का आरोप, ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनपद मैनपुरी के थाना करहल क्षेत्र के ग्राम नगला पाती में विवाहिता की मौत के मामले में मायके पक्ष ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता राजेश कुमार पुत्र मुलायम सिंह निवासी ग्राम सिरसा, तहसील कुरावली ने थाना करहल में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उनकी पुत्री शिवानी की शादी 24 मार्च 2026 को अतुल पुत्र सुखवीर निवासी ग्राम नगला पाती के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने करीब दो लाख रुपये नकद, स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, 15 ग्राम सोने की चेन, अंगूठी, टीवी, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, फर्नीचर, कपड़े और अन्य सामान सहित करीब छह लाख रुपये का दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति अतुल शराब पीकर शिवानी के साथ मारपीट करता था और अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग की जाती थी। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप है।

तहरीर में जेठ प्रवीन पुत्र सुखवीर, जेठानी रिकी पत्नी प्रवीन, सास मन सिंह पत्नी सुखवीर सिंह तथा ससुर सुखवीर सिंह पुत्र मैक सिंह को भी नामजद किया गया है।
शिकायत के मुताबिक 20 सितंबर को शिवानी के ससुराल पहुंचने पर परिजनों को वह मृत मिली। आरोप है कि ससुराल के लोग मौके से फरार हो गए थे। पिता ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक करहल प्रदीप पांडे ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर लेकर अभियोग पंजीकृत कर दिया है प्रभारी निरीक्षक करहल प्रदीप पांडे ने बताया है कि तलाश की जा रही है और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है

और पढ़ें

[the_ad id="164"]