किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू (भानु) ने सौंपा ज्ञापन।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाहजहांपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु), शाखा पुवायां की ओर से जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए शासन स्तर से जांच कराकर शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि पुवायां क्षेत्र में बजाज ग्रुप की चीनी मिल को किसानों द्वारा आपूर्ति किए गए गन्ने का भुगतान समय से नहीं हो पा रहा है। किसानों ने मांग की कि गन्ना भुगतान में देरी करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और किसानों को उनका भुगतान समय से कराया जाए।

किसान यूनियन ने डीएपी और यूरिया खाद की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया। संगठन का कहना है कि किसानों को आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे फसलों की बुवाई प्रभावित होने के साथ पैदावार पर भी विपरीत असर पड़ने की आशंका है। खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में जनपद के ऐसे गांवों का सर्वे कराने की मांग की गई, जो अभी भी सड़क और विद्यालय जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। इसके लिए शासन स्तर से टीम गठित कर सर्वे कराने तथा वंचित गांवों को सड़क और शिक्षा की सुविधा से जोड़ने की मांग रखी गई।

किसानों ने आवारा पशुओं की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि इनके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई।

इसके अलावा पुवायां तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत लाइनों से वंचित फार्मों को बिजली कनेक्शन से जोड़ने तथा जनपद में बिजली की अनियमित आपूर्ति और रात में होने वाली कई-कई घंटे की कटौती की समस्या का समाधान कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में संगठन ने प्रशासन से इन सभी समस्याओं की शासन स्तर से उच्च स्तरीय जांच कराकर शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यादव, प्रदेश सचिव जसपाल सिंह सहित जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]