मथुरा। थाना नौहझील क्षेत्र के अंतर्गत भैरई गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब पीने के बाद एक युवक की उसी के ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सीओ नारायण मांट अमरनाथ यादव ने बताया कि 20 सितंबर 2026 को भैरई निवासी गोपाल सिंह पुत्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर सूचना दी। शिकायत के अनुसार, बीते 19 सितंबर की दोपहर उनका भाई ओमवीर उर्फ करुआ अपने ट्रैक्टर से खेत जोतने गया था। इस दौरान वह गांव के ही सोनू को अपने साथ ले गया था।
परिजनों का आरोप है कि खेत पर दोनों ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद किसी बात को लेकर हुए विवाद या रंजिश के चलते सोनू ने ओमवीर के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।सीओ मांट ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना नौहझील में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
संवाददाता वेद प्रकाश सारस्वत









