राधा रानी की बधाइयों से गूंजा रावल, भक्ति में डूबा ब्रज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मथुरा, रावल। ब्रज की पावन धरा पर स्थित राधा रानी के जन्मस्थान रावल गांव में राधा अष्टमी के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का तीसरा दिन भी भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। तीसरे दिन राधा रानी की बधाई के भजन, गीत और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे रावल धाम को भक्तिमय बना दिया।

तीन दिनों तक रावल गांव में ब्रज की दुलारी राधा रानी की भक्ति और आराधना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मंदिर परिसर सहित आसपास का क्षेत्र राधा रानी के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने बधाई गीतों पर भाव-विभोर होकर राधा रानी की भक्ति में हिस्सा लिया।

राधा अष्टमी के इस पावन अवसर पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु रावल पहुंचे। भक्तों में अपनी आराध्या राधा रानी के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूरे आयोजन के दौरान रावल में भव्यता, दिव्यता और आध्यात्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान रावल धाम पूरी तरह राधामय नजर आया। हर ओर राधा नाम की गूंज और भक्ति का रंग दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने राधा रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। राधा अष्टमी महोत्सव ने एक बार फिर ब्रज की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की भव्य झलक प्रस्तुत की।

संवाददाता वेद प्रकाश सारस्वत

और पढ़ें

[the_ad id="164"]