महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के जंगल जरलहा उर्फ तेंदुअहिया के टोला बलुअहिया में कुटिया के सामने गंदा पानी गिराने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पानी गिराने से मना करने पर पड़ोस के दो लोगों ने वृद्ध साधु के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रामवृक्ष साधु पुत्र स्वर्गीय जसई ने पनियरा थाने में तहरीर देकर बताया कि वह टोला बलुअहिया में झोपड़ी बनाकर साधु-संत का जीवन व्यतीत करते हैं। उनके अनुसार, पड़ोस में रहने वाले दिलीप पुत्र लुटावन और वीरेंद्र पुत्र लुटावन कथित तौर पर उनकी कुटिया के सामने गंदा पानी गिराते हैं। इससे परेशान होकर उन्होंने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे दोनों से कुटिया के सामने पानी नहीं गिराने के लिए कहा।
आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों लोग नाराज हो गए और वृद्ध साधु से गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उनके साथ लात-मुक्कों और लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पीड़ित ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी आए दिन उनके साथ विवाद करते हैं। मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद पीड़ित ने पनियरा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घायल वृद्ध साधु की मेडिकल जांच कराई जा रही है।
पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि वृद्ध साधु के साथ मारपीट के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विवाद के कारणों और लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।









