महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र की ग्राम सभा मुंडेरा कला में शनिवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अंकित सिंह की पत्नी दुर्गेश प्रताप सिंह उर्फ अंशु के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका के पिता कृष्ण बहादुर सिंह पुत्र सुरेंद्र बहादुर सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त होने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल महिला की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।









