रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के कटवारा गांव में एक युवक ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उसके भाई को काम और पैसे का लालच देकर बहला-फुसलाकर अहमदाबाद ले जाने और कई महीने बाद भी घर वापस नहीं भेजने का आरोप लगाया है। पीड़ित के भाई ने पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
कटवारा निवासी रामनरेश के मुताबिक, 12 फरवरी 2026 को गांव का ही एक युवक उसके भाई भगौती को काम और पैसे का लालच देकर अपने साथ अहमदाबाद ले गया था। रामनरेश का कहना है कि शाम को घर पहुंचने पर उसे भाई के सुबह करीब 10 बजे से घर से गायब होने की जानकारी हुई। गांव के युवक से फोन पर संपर्क करने पर उसने भगौती के अपने साथ होने की बात बताई।
रामनरेश के अनुसार, भगौती की तबीयत अक्सर खराब रहती है, इसलिए उसने उसे वापस घर भेजने का अनुरोध किया। आरोप है कि युवक ने पहले 14 अप्रैल और फिर 25 अप्रैल को भगौती को घर भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद वह वापस नहीं आया।
मामले को लेकर रामनरेश ने 18 जुलाई को चौकी प्रभारी तथा 2 सितंबर को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। उसने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने भाई को जल्द घर वापस लाने की मांग की है। तहरीर में भगौती के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी जताई गई है।
रिपोर्ट—मनीष अवस्थी, रायबरेली









