कुशीनगर के हाटा तहसील में शनिवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आईएएस मयंक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। कार्यभार संभालने के बाद यह उनका पहला सम्पूर्ण समाधान दिवस था। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
हाटा तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से जुड़ी 21, पुलिस विभाग की 12, विकास विभाग की 2 और अन्य विभागों से संबंधित 15 शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों ने मौके पर ही 6 मामलों का निस्तारण किया, जबकि 44 शिकायतें अवशेष रहीं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि सभी शिकायतों की जांच शनिवार से ही शुरू कराई जाए। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच करें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान कराने पर जोर दिया गया।
समाधान दिवस में तहसीलदार जया सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









