महाराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के जखीरा चौराहे पर शनिवार रात करीब 8 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रेलर ने ई-रिक्शा और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में बसंतपुर निवासी सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मठिया निवासी लाल मोहन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार मठिया निवासी महबूब अंसारी को गंभीर चोटें आईं। घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही घुघली थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए महाराजगंज मर्चरी हाउस भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर संख्या BR28GB3052 को कब्जे में लेकर थाने पर सुरक्षित खड़ा करा दिया है। वहीं ट्रेलर चालक बृजेश कुमार त्रिपाठी, निवासी टीकर परसौनी, थाना चौक, महाराजगंज को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सामान्य है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









