महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के मामले में महराजगंज पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन एवं नेतृत्व में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी जनवरी से अगस्त 2026 तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक कमी दर्ज करने वाले प्रदेश के शीर्ष-10 जनपदों में महराजगंज पहले स्थान पर रहा।
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में जनवरी से अगस्त के बीच महराजगंज जनपद में कुल 404 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं। वहीं वर्ष 2026 की इसी अवधि में दुर्घटनाओं की संख्या घटकर 271 रह गई। इस तरह सड़क दुर्घटनाओं में 32.92 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
इसी तरह सड़क हादसों में होने वाली मौतों के आंकड़े में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। वर्ष 2025 में जनवरी से अगस्त तक सड़क दुर्घटनाओं में 261 लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2026 की समान अवधि में यह संख्या घटकर 176 रह गई। यानी मृतकों की संख्या में 32.57 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
महराजगंज पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाए गए। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स को चिह्नित कर उनके सुधार की दिशा में कार्य किया गया। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात नियमों के पालन को लेकर आमजन के बीच व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाए गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन, नियमित वाहन चेकिंग, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर निगरानी और जनजागरूकता अभियानों के संयुक्त प्रयासों से हादसों में यह कमी आई है।
महराजगंज पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर तक लाने और आमजन के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।









