यातायात नियमों के उल्लंघन पर महराजगंज पुलिस की सख्ती, 1641 वाहनों की जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेसर हार्न और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जनपदभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस की टीमों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान विशेष रूप से ऐसे दोपहिया और अन्य वाहनों की जांच की गई, जिनमें नियम विरुद्ध मोडिफाइड साइलेंसर अथवा प्रेसर हार्न लगाए गए थे।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 1641 वाहनों की जांच की गई। नियम विरुद्ध मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेसर हार्न का प्रयोग करने वाले 60 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर 20 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा कई वाहनों में लगाए गए नियम विरुद्ध मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेसर हार्न को मौके पर ही हटवाया गया। संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।

महराजगंज पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि वाहन में किसी भी प्रकार का नियम विरुद्ध बदलाव न कराएं। विशेष रूप से मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेसर हार्न का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे उपकरणों का नियम विरुद्ध प्रयोग करते पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यातायात नियमों का पालन कराने और सड़क पर सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]