सागौन के पेड़ से मफलर के सहारे लटका मिला युवक का शव, दोनों पैर जमीन पर टिके होने से गहराया रहस्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निचलौल/महराजगंज। थाना क्षेत्र के बरगदही गांव के पास शनिवार सुबह खेत के किनारे सागौन के पेड़ से मफलर के सहारे युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की स्थिति को देखकर मामला रहस्यमय बताया जा रहा है, क्योंकि युवक के दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे। वहीं, शव से कुछ दूरी पर एक बाइक भी बरामद हुई है।

बताया गया कि शनिवार सुबह कुछ लोग टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत के किनारे पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। लोगों ने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर आसपास के क्षेत्र की जांच की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अरुण राजभर (28) पुत्र रामप्रसाद राजभर, निवासी कोहड़वल टोला सिसवा डीह के रूप में हुई है। घटनास्थल के पास बाइक मिलने और शव के दोनों पैर जमीन पर टिके होने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ ग्रामीणों ने युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव यहां लटकाए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।

मौत आत्महत्या है या घटना के पीछे कोई अन्य वजह, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]