सहारनपुर। देवबंद थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का कथित प्रेमी मोहित और उसकी मां ओमवती शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मोहित ने हत्या की साजिश और घटना से जुड़ी जानकारी बताई है।
पुलिस के अनुसार, मोहित और युवती के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। पुलिस का दावा है कि मोहित अब अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था और संबंध उजागर होने के बाद बदनामी के डर से युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को मोहित ने युवती को अपनी छत पर बुलाया, जहां कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी मां ओमवती को घटना की जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि दोनों ने शव को मोटरसाइकिल पर रखकर साखन नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने मोहित की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल UP-11 DB-3290 बरामद की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
रिपोर्ट— काशिफ खान, सहारनपुर









