बहराइच। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित धरना स्थल पर भारतीय किसान यूनियन (राजनीतिक) के बैनर तले किसानों ने मासिक पंचायत का आयोजन किया। पंचायत के बाद किसानों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसान नेता एवं जिला अध्यक्ष प्रमोद तिवारी ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठा रहा है।
प्रमोद तिवारी ने बताया कि पंचायत का आयोजन 17 सितंबर को होना था, लेकिन अवकाश होने के कारण कार्यक्रम 18 सितंबर को किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रमुख मांग गन्ने का मूल्य बढ़ाकर कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की है। किसानों का कहना है कि उत्पादन लागत बढ़ने और चीनी की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित किया जाना चाहिए।
किसानों ने गन्ने के पुराने बकाये का ब्याज सहित भुगतान कराने की मांग भी उठाई। इसके अलावा धान की खरीद के लिए जिले में पर्याप्त संख्या में क्रय केंद्र स्थापित करने और उन्हें समय से संचालित करने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि क्रय केंद्रों पर बोरा, कांटा और अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
रिपोर्ट— अनिरुद्ध मिश्रा, बहराइच









