बहराइच। थाना हरदी क्षेत्र में हुई साइबर ठगी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित थाना खैरीघाट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को लोन दिलाने और क्रेडिट लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद पीड़ितों के खातों में साइबर ठगी की रकम मंगवाकर उसे निकाल लेते थे। आरोप है कि गिरोह के सदस्य संबंधित लोगों की चेकबुक और एटीएम भी अपने पास रख लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 90 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, चेकबुक, बैंक पासबुक और ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम की कार्रवाई के बाद मामले की जांच आगे जारी है।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा, बहराइच









