महराजगंज। नगर स्थित पं० दीनदयाल इण्टर कॉलेज में शुक्रवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भाषण, निबंध, पोस्टर और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, विकसित भारत और आत्मनिर्भर राष्ट्र की कल्पना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षा, ईमानदारी, अनुशासन, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत कर देश की प्रगति को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रहित और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंकज चौधरी एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। भाषण प्रतियोगिता में नीलाक्षी पाण्डेय प्रथम, सृष्टि प्रजापति द्वितीय और पलक गुप्ता तृतीय रहीं। निबंध प्रतियोगिता में सबा परवीन प्रथम, आँचल चौरसिया द्वितीय और आलिया परवीन तृतीय रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रियांशी जायसवाल प्रथम, खुशी रंजन द्वितीय और आँचल गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं। प्रश्नोत्तरी में खुशी वर्मा, आँचल गुप्ता एवं ताज बानो का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
संस्था के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि विकसित भारत के लिए विज्ञान, तकनीकी, शिक्षा और नवाचार के साथ सामाजिक कुरीतियों का भी उन्मूलन जरूरी है। उन्होंने कहा कि जाति भेद, भ्रष्टाचार और अशिक्षा से मुक्त भारत ही वास्तविक रूप से सशक्त राष्ट्र बन सकता है।
प्रधानाचार्य डॉ० शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करना है। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, डायरेक्टर दुर्गेश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पाण्डेय, राजीव द्विवेदी, शान्तिशरण मिश्र सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।









